कार्यकर्ता देंगे उम्मीदवारों के नाम के सुझाव

 

उत्तराखंड में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी प्रत्याशियों के चयन में जमीनी कार्यकर्ताओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की एक विशेष टोली गठित की जाएगी, जो संभावित प्रत्याशियों के नाम पार्टी नेतृत्व को सुझाव के रूप में देगी। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष ‘सुझाव पत्रिका’ लगाई जाएगी, जिसमें कार्यकर्ता अपनी पसंद के संभावित उम्मीदवारों के नाम दर्ज करा सकेंगे। पार्टी का मानना है कि इस पहल से जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को महत्व मिलेगा, साथ ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को अधिक सहभागी और मजबूत बनाया जा सकेगा। अब देखना होगा कि भाजपा का यह नया प्रयोग 2027 के चुनाव में कितना कारगर साबित होता है।