सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों पर की गई कथित टिप्पणी और कांग्रेस-सपा गठबंधन को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने भाजपा के सवालों पर तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा बताए कि उनका अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपी और संलिप्त लोगों के साथ क्या संबंध है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आने वाले ऐसे लोग देवभूमि की बेटियों के साथ अन्याय करते हैं, जिस पर सरकार को स्थिति साफ करनी चाहिए।
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस के इस रुख को शर्मनाक और हास्यास्पद करार दिया। नवीन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने रामपुर तिराहा कांड का स्मरण कराते हुए कहा कि जिस दल की सरकार में आंदोलनकारियों पर अत्याचार हुए, कांग्रेस आज उसी के साथ खड़ी है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल मुद्दों से भटकाने और मृतका के नाम पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है।
