उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जिस तरह से बीते दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया था, वह सटीक साबित हुआ और उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिली। इससे न सिर्फ आम जन जीवन प्रभावित रहा, बल्कि दर्जनों सड़के भी बंद हुई। इसके साथ ही खराब मौसम के चलते चार धाम यात्रा को भी रोकना पड़ा। वहीं मौसम विभाग ने आज और आने वाले दिनों के लिए भी एक बार फिर से पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉक्टर सीएस तोमर ने मौसम के पूर्वानुमान को बताते हुए कहा कि बीते दिनों के मुकाबले अब मानसून की एक्टिविटी कम हो गई है। ऐसे में उत्तराखंड के अनेक जनपदों में आज हल्की माध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखे जा सकते हैं। वही कल यानी 29 सितंबर को उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग चमोली बागेश्वर पिथौरागढ़ जनपदों में हल्की मध्यम बारिश के साथ ही बौछारें भी देखने को मिल सकती है।