हरिद्वार में सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन सजग है। बरसात का सीजन समाप्त होने के तुरंत बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का काम शुरू किया जाएगा। शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नजीबाबाद रोड चिड़ियापुर में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे से निरीक्षण शुरू कर हरिद्वार के तमाम चौक चौराहा पर गढ़ों की स्थिति जांचते हुए नारसन बॉर्डर तक निरीक्षण किया। इस दौरान एनएचएआई, परिवहन विभाग समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को अर्ध कुंभ मेले से पहले सभी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को शहर में सड़कों के अन्य गड्ढों और टूटी हुई सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।