स्कूल बंद  करने पर गरिमा दसौनी का सरकार पर निशाना

 

उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने सरकार के ‘पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया’ और ‘बेटी बचाओ’ जैसे नारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्कूलों को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय उन्हें बंद किया जा रहा है।गरिमा दसौनी ने कहा कि सरकार का यह रवैया कुछ ऐसा है कि गरीबी हटाने के लिए गरीबों को ही हटा दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। दसौनी ने कहा कि शिक्षा ही वह अधिकार है, जिसके जरिए कोई भी समाज प्रगति और विकास कर सकता है।उन्होंने शिक्षा के बजट को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि हर बजट में शिक्षा के लिए आवंटित राशि कम होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश की प्रगति और नए आविष्कारों के लिए मजबूत शिक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन सरकार शिक्षा के क्षेत्र को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दे रही है।गरिमा दसौनी ने सरकार से सरकारी स्कूलों को बंद करने के बजाय उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।