कालागढ़ दौरे पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण, तिरंगा यात्रा में किया प्रतिभाग
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने कालागढ़ मंडल के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण कर वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और हाथी को केला खिलाया।
इसके बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों के साथ रामगंगा भवन से रामलीला मैदान तक आयोजित तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है।
इसके बाद मनोरंजन केंद्र में आयोजित महिला सम्मान समारोह में 60 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मातृशक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में कीर्तन मंडलियों और मंदिर समितियों को कीर्तन सामग्री भी वितरित की गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान तथा क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकता है।