मुख्यमंत्री धामी देर रात आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे, युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार देर रात मायापुर (पीपलकोटी), चमोली स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा परिचालन केंद्र, देहरादून पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की कमान संभाली। उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल जाना और मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उपचार व पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए पल-पल की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ताजा जानकारी के अनुसार टनल में 22 लोगों के फंसे होने की सूचना है, जिनमें से 16 का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। शेष लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी गौरव कुमार और डिप्टी सीएमओ से भी बात कर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर से एम्स या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना सहित अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।