उत्तराखंड बेरोज़गार संघ ने किया सचिवालय कूच

उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर से आए बेरोज़गार युवाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर देहरादून के परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबित भर्तियां जल्द जारी करने, परीक्षा कैलेंडर घोषित करने, समय पर परीक्षाएं कराने और चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग उठाई।बेरोज़गार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि लंबे समय से कई भर्तियों की विज्ञप्तियां जारी नहीं की जा रही हैं और युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।