ऊधम सिंह नगर के पंतनगर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक 15-16 जून की रात शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चन्द के नवनिर्मित मकान में खिड़की की ग्रिल और जाली हटाकर चोरों ने प्रवेश किया था। बदमाश घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब सात से आठ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और सटीक सुरागरसी के आधार पर किच्छा के गडरियाबाग निवासी 28 वर्षीय अजय उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की गई करीब सात लाख रुपये की नकदी उसने अपने बैंक खातों में जमा कर दी है, जिन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।