देहरादून
मुख्यमंत्री ने ₹213 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं को दी मंजूरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027, नंदा देवी राजजात यात्रा, सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, धार्मिक स्थलों के विकास तथा किसानों की आर्थिकी को सशक्त बनाने के लिए कुल ₹213 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
मुख्य स्वीकृतियों में नंदा देवी राजजात यात्रा के तहत चमोली में नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु ₹8.68 करोड़, कुम्भ मेला पुलिस व्यवस्था हेतु ₹35 करोड़, रुद्रपुर, देहरादून, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की मंजूरी शामिल है।
इसके अलावा अगस्त्यमुनि की छेनागाड़ पेयजल योजना के लिए ₹55.22 करोड़, गंगोत्री विहार (देहरादून) में नलकूप एवं पेयजल कार्यों हेतु ₹2.22 करोड़, चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क, विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण, श्मशान घाट एवं स्नान घाट निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को फसल ऋण एवं सहकारी क्षेत्र की मिलों के लिए ₹81.47 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। साथ ही सितारगंज क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।