भाजपा ने उत्तराखंड के 304 मंडलों में 38 हजार कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित।

देहरादून

 

भाजपा ने उत्तराखंड के 304 मंडलों में 38 हजार कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को वैचारिक, आधुनिक तकनीक से जोड़कर आगामी सांगठनिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए लम्बे समय से विभिन्न राज्यों में बूथ स्तर तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान चला रही है। वही उत्तराखण्ड में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा हो चुका है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेश के सभी 304 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें करीब 38,000 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। मंडल स्तर पर सात सत्रों में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि दूसरे चरण में 19 संगठनात्मक जनपदों में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न कराए गए। इन वर्गों के 12 सत्रों के माध्यम से लगभग 3,200 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान के प्रति अपना संकल्प दोहराया और विकसित राष्ट्र की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। परिहार ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण अभियान अपने उद्देश्यों में सफल होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।