देहरादून
उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। मौसम केंद्र देहरादून ने अगले पांच दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।मौसम केंद्र निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर 2-10 मिमी हल्की बारिश हुई। एक-दो जगह ओले गिरे और 6-7 स्थानों पर 30-33 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलीं। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, पहाड़ों में ज्यादा और मैदान में कम। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे यानी 29-30 अप्रैल को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 5 मई तक हफ्तेभर कहीं-कहीं बारिश बनी रहेगी। साथ ही अगले 24 घंटे में देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल में ओलावृष्टि और 30 अप्रैल को पूरे प्रदेश में 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं और 1-2 मई को पहाड़ी इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में यात्रा से बचने की सलाह दी है।