देहरादून: नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कल आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि इस अभियान में प्रदेशभर की महिलाएं, विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं और बड़ी संख्या में मातृशक्ति भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि संशोधन बिल का विरोध कर कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान किया है, जिससे देशभर की महिलाओं में आक्रोश है। जपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति के चलते वह महिलाओं के हितों के खिलाफ खड़ी हुई है और अब यह मुद्दा उसके लिए गले की हड्डी बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी अब कांग्रेस के खिलाफ अपना रोष सड़कों पर व्यक्त कर रही है और उत्तराखंड में भी विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं कांग्रेस के विरोध में उतर रही हैं, जिससे कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।