देहरादून
धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल पर केंद्रीय मंत्रियों का उत्तराखंड आगमन लगातार बना हुआ है। बीते दिन भी हल्द्वानी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी पहुंचे जहां से उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के चार साल को उत्तराखंड के विकास की दृष्टि से उपलब्धियों भरा बताया। उन्होंने सीएम धामी के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्हें धुरंधर तक कह दिया। वहीं प्रदेश स्तर पर भी भाजपाई सीएम धामी के चार साल की उपलब्धियों का लगातार बखान कर रहे हैं। प्रदेश प्रवक्ता भाजपा मथुरा दत्त जोशी ने भी मुख्यमंत्री धामी के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इन चार सालों में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में यातायात कनेक्टिवटी जिसमे रेल, हवाई और सड़क मार्ग शामिल हैं का विकास करने के साथ ही उत्तराखंड को पहला राज्य बनाया जिसने यूसीसी को लागू किया है। उन्होंने आगामी एक वर्ष को लेकर भी विश्वास जताया कि इसी तरह से प्रदेश में सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित होते रहेंगे।