भराड़ीसैंण (गैरसैंण)
भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर दिया है। बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मीडिया से रूबरू हुए और बजट की मुख्य बातें साझा कीं।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया गया है। बजट तैयार करने से पहले विभिन्न हितधारकों से संवाद किया गया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के बजट से प्रेरणा लेकर इसे तैयार किया गया है।
बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं। समाज के अंतिम छोर पर बैठे गरीब वर्ग के लिए भी विशेष योजनाएं शामिल की गई हैं।सरकार ने कीवी और ड्रैगन फ्रूट के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वहीं ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और अन्य धार्मिक परियोजनाओं के पुनर्विकास के लिए 1500 से 2000 करोड़ रुपये तक की व्यवस्था की गई है।मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेले की तैयारियां जारी हैं और इसके लिए केंद्र सरकार से 500 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। सरकार का कहना है कि यह बजट राज्य के संतुलित विकास को आगे बढ़ाने वाला है।