देहरादून में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोप; पति गिरफ्तार, पुलिस कर रही मामले की जांच।

देहरादून

 

 

देहरादून में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोप; पति गिरफ्तार, पुलिस कर रही मामले की जांच।

देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका की शादी कुछ ही महीने पहले हुई थी और उसके बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

देहरादून की एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि यह मामला थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है। उन्होंने कहा कि सलमान आसिफ नामक व्यक्ति ने पुलिस में तहरीर देकर बताया कि उनकी 25 वर्षीय बहन कहकशां आलम की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग कम दहेज लाने को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

एसपी सिटी के अनुसार, शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया था। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि कहकशां आलम की मौत हो गई है और आरोप लगाया गया कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उसकी हत्या कर दी गई। इस सूचना के बाद पुलिस ने मामले में दहेज हत्या का अभियोग पंजीकृत कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में पति, सास-ससुर सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने आगे बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कदम उठाए जाएंगे।