देहरादून
कर्मचारी संघ की हड़ताल खत्म, वार्ता के बाद देहरादून नगर निगम में कामकाज सामान्य होने की तैयारी।
देहरादून नगर निगम में हालिया विवाद के बाद उत्पन्न गतिरोध अब समाप्त होने की ओर है। कर्मचारी संघ द्वारा एक घटना के विरोध में किए गए प्रतिकार के चलते नगर निगम के कार्य प्रभावित हो रहे थे, लेकिन प्रशासन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद स्थिति सामान्य होने लगी है।
नगर आयुक्त Namami Bansal ने बताया कि कर्मचारी संघ के साथ विस्तृत बातचीत की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वार्ता के क्रम में कर्मचारी संघ ने कार्य पर वापस लौटने की सहमति जता दी है। इसके बाद नगर निगम द्वारा कूड़ा उठान और सफाई जैसे आवश्यक कार्य अब सुचारू रूप से संचालित किए जा सकेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी संघ की ओर से जिस प्रकरण में कार्रवाई की मांग की गई थी, उसे शासन को अग्रसारित कर दिया गया है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की परिस्थितियों से बचने के लिए सामूहिक समन्वय और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाने की तैयारी है, ताकि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके और शहर की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।