देहरादून
देहरादून में टीबी उन्मूलन अभियान तेज, 13 लाख आबादी की स्क्रीनिंग का लक्ष्य, मोबाइल वैन और घर-घर सर्वे पर जोर
देहरादून जनपद में टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार जिले में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लगातार टीबी की जांच की जा रही है। इसके तहत हंड्रेड डेज प्रोग्राम, अर्बन स्लम वार्ड कवरेज, मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन, ट्रूनेट मशीन और एक्स-रे सुविधाओं का उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चकराता, कालसी समेत पूरे जिले में दो एमएमयू वैन के माध्यम से नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों में की गई जांच का डाटा निक्षय पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। हालिया सर्वे के तहत जिले को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया है, जिसमें रेड जोन की पूरी आबादी की स्क्रीनिंग अनिवार्य की गई है। देहरादून में करीब 13 लाख लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है, जो एक बड़ा कार्य है।
सीएमओ ने कहा कि इस अभियान में आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है। वर्तमान में जिले में लगभग साढ़े तीन हजार टीबी के सक्रिय मरीज उपचाराधीन हैं। चकराता ब्लॉक को टीबी मुक्त घोषित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।