देहरादून
केंद्रीय बजट से उत्तराखंड को बड़ी उम्मीदें, पर्यटन, कुंभ, पर्यावरण और पहाड़ी राज्यों की विशेष जरूरतों पर फोकस की मांग, ऋषिकेश से भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने जताया भरोसा कि केंद्र सरकार देगी राज्य को समुचित सहयोग
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। ऋषिकेश से भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए वित्त मंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नौवीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत करना अपने आप में एक रिकॉर्ड है और रविवार के दिन बजट पेश किया जाना भी एक विशेष उपलब्धि है।
प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड एक हिमालयी और पहाड़ी राज्य होने के कारण यहां की आवश्यकताएं अन्य राज्यों से अलग हैं। राज्य में स्थायी आबादी लगभग सवा करोड़ है, लेकिन हर वर्ष पर्यटन, धार्मिक यात्राओं और अन्य कारणों से पांच से छह गुना अधिक लोग यहां आते हैं। ऐसे में व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिसके लिए केंद्र सरकार से विशेष बजटीय सहयोग की अपेक्षा रहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई क्षेत्रों में नए रिकॉर्ड बनाए हैं और राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिला है। आगामी कुंभ मेले को लेकर भी उन्होंने केंद्र से विशेष प्रावधान की उम्मीद जताई ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाया जा सके। साथ ही, 71 प्रतिशत वन क्षेत्र वाले उत्तराखंड को पर्यावरण संरक्षण और हरित पहलों के लिए प्रोत्साहन दिए जाने की भी उन्होंने मांग की।