देहरादून
चार धाम यात्रा 2025 में रिकॉर्ड श्रद्धालु, शीतकालीन यात्रा को भी मिला नया आयाम
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 2025 ने श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने चार धाम यात्रा की विस्तृत रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम सहित हेमकुंड साहिब में कुल 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े राज्य में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं। इसके साथ ही सरकार द्वारा 24 अक्टूबर 2025 से शीतकालीन चार धाम यात्रा की शुरुआत की गई है, ताकि कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु परंपरागत शीतकालीन पूजा स्थलों पर दर्शन कर सकें। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए होटलों में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे होम स्टे और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बर्फबारी को प्राकृतिक जल संरक्षण और बिजली उत्पादन के लिए लाभकारी बताते हुए श्रद्धालुओं को शीतकालीन दर्शन और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए उत्तराखंड आने का आमंत्रण भी दिया।