देहरादून
उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदला, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी और तेज़ हवाओं का अलर्ट । उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग सतर्क हो गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सी. एस. तोमर के अनुसार, आज के लिए हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और स्नोफॉल भी हो सकता है। खासतौर पर ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सक्रिय हो चुका है और कई जगह बर्फबारी शुरू होने की रिपोर्ट भी मिली है।
मैदानी जिलों जैसे हरिद्वार, देहरादून और उधमसिंह नगर में दोपहर बाद मौसम गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी का दौर फिर तेज हो सकता है।