देहरादून
प्रदेश में ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में सरकार के फैसलों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पंचायतों को वित्तीय सहायता और विकास की सौगात देने के मुख्यमंत्री के निर्णय का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की पहली सीढ़ी हैं और विकास की नींव भी यहीं से मजबूत होती है। गांवों को भारत की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक मदद से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी। इस धनराशि का उपयोग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में किया जाएगा, जिससे न सिर्फ विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि गांवों में रोजगार के नए संसाधन भी तैयार होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे ग्रामीण इलाकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति होगी और आत्मनिर्भर गांव की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।