मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग एवं सफाई निरीक्षकों की समीक्षा बैठक ली।

देहरादून

 

मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग एवं सफाई निरीक्षकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में दीपावली के दौरान संचालित विशेष सफाई अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई। मेयर ने बताया कि 11 अक्टूबर से अब तक 1063.73 टन अतिरिक्त कचरे का संकलन किया गया है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

त्योहारों के समय प्रतिदिन सामान्य मात्रा से 100-150 टन अधिक कचरा उठाया जा रहा है। इसके लिए निगम ने अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, वाहनों एवं ईंधन की व्यवस्था की है। साथ ही ग्रीन वेस्ट उठान के लिए प्रतिदिन 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ तैनात की गई हैं।

मेयर ने बताया कि यह कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छता संबंधी निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रहा है। उन्होंने शीशमबाड़ा प्रोसेसिंग प्लांट एवं कारगी MTS को दोनों शिफ्टों में संचालन के निर्देश भी दिए, ताकि कचरा निस्तारण में कोई बाधा न आए।

बैठक में नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खन्ना, सहायक नगर आयुक्त स्वास्थ्य राजबीर चौहान सहित सभी वार्डों के सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।