देहरादून
दिवाली से पहले प्रदेशभर में अवैध शराब और नशे पर बड़ा शिकंजा, सघन चेकिंग अभियान में अब तक 3752 लीटर शराब बरामद
देवभूमि उत्तराखंड में दिवाली पर्व से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अवैध मद्य निष्कर्षण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में आबकारी विभाग ने व्यापक स्तर पर चेकिंग शुरू की है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान जनसुरक्षा, स्वच्छता और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि सभी जिला आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त टीमें बनाएं। ये टीमें संवेदनशील स्थलों, लिंक रोड्स और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच कर रही हैं। प्रत्येक जिले से चेकिंग की दैनिक रिपोर्ट विभाग को भेजी जा रही है। पुलिस बल की मदद से अवैध मद्य निष्कर्षण के अड्डों पर छापेमारी की जा रही है और कच्ची शराब बनाने वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नष्ट किया जा रहा है। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश स्वीकृत न करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अभियान में निरंतरता बनी रहे।
वही आपको बता दे आबकारी विभाग द्वारा की गई अभी तक की कार्रवाई में विभाग ने 3752 लीटर अवैध शराब जब्त की है और 119 मुकदमे दर्ज किए हैं। अभियान दिवाली तक जारी रहेगा, जिसके तहत प्रदेशभर में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
वही प्रदेश में ओवर शराब की ओवर रेटिंग रेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने सभी शराब दुकानों को बारकोड उपलब्ध कराए हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक टोल-फ्री शिकायत नंबर भी जारी किया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायतें सीधे विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज होती हैं, जिससे तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित होती है।
वही अगर आबकारी विभाग के राजस्व की बात करें तो विभाग का इस वर्ष का लक्ष्य ₹5060 करोड़ का है, जिसमें से अब तक ₹2500 करोड़ की प्राप्ति हो चुकी है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि यह अभियान न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाएगा, बल्कि राज्य के राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी करेगा।