देहरादून
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा एक बार फिर नई ऊंचाईयों की ओर बढ़ रही है। वर्षा और बर्फबारी के बावजूद यात्रियों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। श्रद्धा और आस्था की मिसाल बन चुकी केदारनाथ यात्रा ने पिछले साल का रिकाॅर्ड तोड़ते हुए बुधवार को 16.56 यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया। बता दें कि केदार धाम के कपाट 23 अक्टूबर को भैया दूज के अवसर पर बंद होंगे। ऐसे में यात्रा अभी कुछ दिन और चलेगी। वहीं, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। वही मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा के बावजूद भी चारधाम यात्रा सरल,सुगम और सुरक्षित रही है। साथ ही केदारनाथ यात्रा का नया रिकॉर्ड बना है। ऐसे में अब यात्रा समापन तक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।