देहरादून
देहरादून में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने देशभर में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों और अत्याचारों के खिलाफ “न्याय मार्च” निकाला। यह मार्च सेंटरियो मॉल से राजभवन तक प्रस्तावित था, जिसका नेतृत्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करती है, लेकिन सबसे ज्यादा अत्याचार इसी सरकार में हो रहे हैं।ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा की आवाज उठाने पर विपक्ष को पुलिस द्वारा रोका जा रहा है। उन्होंने चेताया कि अगर जल्द गवर्नर से मुलाकात का समय नहीं मिला, तो महिला कांग्रेस राजभवन के बाहर धरना देगी। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग निष्क्रिय है और अत्याचारों पर मौन साधे है।प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत कई महिला कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। महिला कांग्रेस ने इसे तानाशाही करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।