देहरादून।भाजपा ने गैरसैण में आयोजित मानसून सत्र में पारित विधेयकों पर संतोष व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सदन में असंवैधानिक और असंवेदनशील रवैया अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी विधायक सदन के भीतर ब्रांडेड कंबलों में सोते नज़र आए, जबकि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के बजाय हंगामा किया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025, अनुपूरक बजट, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर अधिनियम, निजी विश्वविद्यालय संशोधन एवं पंचायती राज संशोधन जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों को भाजपा सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पारित किया।
सुरेश जोशी ने प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष के कार्यमंत्रणा समिति से इस्तीफे को उनकी नाकामी छुपाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही गैरसैण सत्र और धर्मांतरण विरोधी विधेयक व मदरसा सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा से भागती रही। यही कारण है कि विपक्ष ने सदन में शोरशराबा और नारेबाजी कर जनहित की अनदेखी की।
प्रदेश में आई हालिया प्राकृतिक आपदाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब राज्य त्रासदी से जूझ रहा था, तब कांग्रेस ने गंभीर चर्चा तक नहीं होने दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल का मकसद केवल व्यक्तिगत स्वार्थ साधना और जनता को गुमराह करना था।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर हरक सिंह रावत के आरोपों को भाजपा ने खारिज करते हुए उन्हें कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने की कोशिश बताया। भाजपा का कहना है कि जिनके खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं, उनके आरोपों को पार्टी गंभीरता से नहीं लेती।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और मीडिया समन्वयक राजीव तलवार मौजूद रहे। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह जनभावनाओं और संवैधानिक परंपराओं के अनुरूप सदन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।