केदारनाथ की जीत की चर्चा देश भर मे, मोदी और धामी का विकल्प न होने से कांग्रेस चिंतित: भट्ट

देहरादून : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केदारनाथ विस सीट पर भाजपा के जीत की चर्चा और खुशी देश भर मे है तथा कांग्रेस के नेता भी अब स्वीकार कर रहे हैं कि उसके पास पीएम मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी जैसे नेताओं का विकल्प नही है। केदारनाथ की जीत मे भाजपा की मजबूती और विपक्ष के लिए संदेश भी छिपा है।

 

केदारनाथ उप चुनाव मे जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंची विधायक आशा नौटियाल का भाजपा परिवार ने भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केदारनाथ की जनता और कार्यकर्ताओं का आभार करते हुए, जनादेश को क्षेत्रवाद और अफवाहों के जहर को समाप्त करने और विकास की नीतियों को आगे बढ़ाने वाला बताया। भट्ट ने कहा कि केदारनाथ जीत की चर्चा और खुशी देशभर में है। स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा ने उन्हें गले मिलकर सबके लिए बधाई भेजी है। साथ ही कहा कि केदारनाथ की जनता ने भाजपा और उनके उम्मीदवार पर विश्वास जताया है, उसके लिए पार्टी उन सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करती है। वहां मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है उपचुनाव की यह जीत। उन्होंने वहां चुनाव लड़ने के आकांक्षी अपने सभी नेताओं का जिक्र करते हुए कहा, सभी ने एक बार पुनः दिखाया, किस तरह अपनी अपेक्षाओं और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पीछे छोड़कर पार्टी और उसके विचारों के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ा जाता है।

 

उन्होंने कांग्रेस पर अपरोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि जिनका राज्य निर्माण से लेकर उसके विकास तक कभी योगदान नहीं रहा है और राज्य में होने वाले प्रत्येक अच्छे कार्य को रोकने का प्रयास किया हो अथवा सनातन विरोध में केदारनाथ के प्रति क्षृद्धा भाव को प्रभावित करने में लगे रहे उन्हे जनता ने सबक सिखाया। यात्रा को प्रभावित करने की साजिश रचने वालों को उन्हें केदारनाथ की देवतुल्य जनता ने हैसियत बताई है।

 

भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी निकाय चुनावों के लिए एकजुट होने का आह्वाहन किया। साथ ही कहा, केदारनाथ की जीत ने पार्टी को मजबूती और विपक्ष को संदेश देने देने का काम किया है, जिसे हमे निकाय, पंचायत चुनावों और 2027 के आम विधानसभा चुनावों तक जीत के रूप में जारी रखना है।