अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ लेने वाले दुष्यंत कुमार गौतम का नाम इस मामले को लेकर उठ रहे सवालों के बीच चर्चा में है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए लगातार धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।नवीन जोशी ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता की ओर से उठाए गए सवालों और मामले की सीबीआई जांच की मांग पर सरकार को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले सीबीआई जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न्याय की मांग को लेकर लोग आंदोलन कर रहे हैं।उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर नियुक्ति से जनता के मन में उठ रहे सवाल खत्म नहीं हो जाते। नवीन जोशी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर आरोपों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।कांग्रेस नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना और प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने इस घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि न्याय की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी हैं।
