युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले 04 अभियुक्तो को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वादिनी हिमांशी शर्मा पुत्री स्व0 अजय शर्मा निवासी वाणी विहार रायपुर द्वारा थाना रायपुर पर लिखित तहरीर दी कि दिनांक 04/09/2026 की रात्रि उनका भाई शशांक शर्मा वाणी विहार चौक राधा कृष्णा मंदिर के बाहर खडा था। तभी अचानक से वहाँ पर राहुल पाल निवासी करनपुर अपने साथियों के साथ आया और उनके भाई के साथ मारपीट करने लगा तथा उसके द्वारा उनके भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया तथा वर्तमान में उसका महंत इंद्रेश अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर पर मु0अ0सं0- 361/2026 धारा- 109 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।

अपराध की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा सुरागरसि पतारसि करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

घटना के बाद से ही अभियोग में नामजद सभी अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे, पर पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप आज दिनाँक : 08-09-26 को पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल चारों अभियुक्तों को पुरानी चुंगी रायपुर रोड से गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्तो से पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि पूर्व में रक्षाबंधन के दिन उनका शशांक शर्मा व उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था तथा उक्त विवाद के चलते उनके द्वारा शशांक को जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया था।