मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा कैंप कार्यालय में स्थानीय लोगों, विभिन्न जनपदों से पहुंचे फरियादियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
वीओ
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ काम कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।