जनसमस्याओं पर सीएम धामी सख्त, बोले- लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को इनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ परीक्षण कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ काम कर रही है।उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले।
इस दौरान मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, फरजाना बेगम, सुखदेव सिंह नामधारी, किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, दान सिंह रावत, सतीश चंद्र भट्ट और रनदीप पोखरिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी समेत संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और आमजन को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।