उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही हेली टिकट के नाम पर ठगी का जाल बिछने लगा है।

देहरादून

 

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही हेली टिकट के नाम पर ठगी का जाल बिछने लगा है। STF और साइबर क्राइम टीम ने अलर्ट जारी किया है। STF के SSP अजय सिंह ने कहा कि हर साल देशभर से आने वाले हजारों तीर्थयात्री फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों के झांसे में आकर लाखों रुपए गंवा देते हैं।ठग केदारनाथ-हेमकुंड साहिब हेली सेवा के नाम पर हुबहू सरकारी जैसी फर्जी वेबसाइट बना लेते हैं। कन्फर्म बुकिंग, लास्ट सीट, VIP दर्शन जैसे प्रलोभन देकर फेसबुक-इंस्टाग्राम पर विज्ञापन चलाते हैं। व्हाट्सएप नंबर शेयर कर सीधे यात्रियों से संपर्क करते हैं और एडवांस पेमेंट लेकर गायब हो जाते हैं। SSP अजय सिंह ने बताया कि साइबर थाने ने अब तक 25 से ज्यादा फर्जी वेबसाइट को ब्लॉक किया है और 50 से ज्यादा मोबाइल नंबर बंद कराए हैं। इसके बावजूद नए लिंक रोज सामने आ रहे हैं। अजय सिंह ने कहा कि अभी हेली सेवा की बुकिंग शुरू ही नहीं हुई है। जब भी शुरू होगी, सिर्फ IRCTC की अधिकृत वेबसाइट से ही होगी। कोई ट्रैवल एजेंट, कोई प्राइवेट कंपनी, कोई व्हाट्सएप लिंक आपकी जानकारी में आए तो इन पर भरोसा न करें। सरकार ने हेल्पलाइन और टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं। अगर किसी को फ्रॉड की आशंका हो या पैसे मांगे जाएं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें। STF ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान दूर-दराज से आने वाले यात्री अज्ञानता में ठगी का सबसे आसान शिकार बनते हैं। इसलिए सिर्फ अधिकृत पोर्टल heliyatra.irctc.co.in का ही इस्तेमाल करें। SSP अजय सिंह ने कहा कि IRCTC के अलावा कोई भी वेबसाइट या एजेंट हेली टिकट नहीं दे सकता। सतर्क रहें, सुरक्षित यात्रा करें।