देहरादून
चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार यात्रा को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हेली सेवाओं में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। खासतौर पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर की जगह डबल इंजन हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। सरकार और प्रशासन इस दिशा में पहले से ही सक्रिय नजर आ रहे हैं, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली उड़ानों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि यात्रा सीजन में डबल इंजन हेलीकॉप्टर का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर की कार्यक्षमता सीमित होती है, जबकि डबल इंजन हेलीकॉप्टर ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद होते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।