देहरादून
देहरादून में कैफे के बाहर हुए विवाद में युवती घायल, पुलिस ने अफवाहों को किया खारिज
देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक कैफे के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती के सिर में चोट लगने की सूचना है। घटना चार फरवरी की रात चंद्रवनी चौक के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, युवती अपने मित्र के साथ बर्थडे पार्टी में कैफे आई थी, जहां किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई। इसके बाद कैफे से बाहर सड़क पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें युवती घायल हो गई। पुलिस ने तत्काल युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर हार्ड और ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट लगने की पुष्टि हुई है, जबकि किसी भी प्रकार के धारदार हथियार से हमला होने की बात सामने नहीं आई है।
इस मामले में युवती के भाई की तहरीर पर तीन युवकों—आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु—के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को गलत बताते हुए लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस का कहना है कि यह महिला से संबंधित संवेदनशील मामला है और इसकी जांच पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है।