केंद्रीय बजट को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उत्साह

देहरादून – लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बजट की सराहना करते हुए इसे “विकसित भारत” की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह नौवां बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बजट में मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा, किसान, युवा, महिलाएं और आम आदमी सभी के लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, पूंजीगत व्यय और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में हुए बदलावों का उदाहरण देते हुए कहा कि यह बजट भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।