-देहरादून में कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर हुए जानलेवा हमले और इलाज के दौरान उसकी मौत के बाद सियासत भी तेज हो गई है। इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने पुलिस कार्रवाई और सरकार के रुख को स्पष्ट किया है।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विनय त्यागी पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक विनय त्यागी पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज थे और अन्य पक्षों का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून अपना काम करेगा। पुलिस मामले की गहन पूछताछ कर रही है और गंभीर नतीजों तक पहुंचने का भरोसा दिलाया गया है।