उत्तराखण्ड क्रांति दल ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपनी संगठनात्मक सक्रियता को तेज कर दिया है।

देहरादून

 

 

उत्तराखण्ड क्रांति दल ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए अपनी संगठनात्मक सक्रियता को तेज कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवचंद उत्तराखंडी का कहना है कि क्षेत्रीय दल होने के नाते उनकी तैयारी जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर केंद्रित है, न कि सिर्फ चुनावी दौर में दिखाई देने वाली गतिविधियों पर। उनके अनुसार उत्तराखण्ड क्रांति दल स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पलायन और पहाड़ के पानी व जवानी जैसे मूल मुद्दों को लगातार उठाता आया है और इन्हीं के आधार पर जनता से जुड़ाव मजबूत हुआ है।

प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी कार्यालय में एक विशेष सेल भी बनाया गया है, जहां आम लोगों की विभागीय विसंगतियों और छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्रीय पहचान और पुराने जनसंघर्षों से जुड़े इन मुद्दों के चलते 2027 में जनता उत्तराखण्ड क्रांति दल के पक्ष में मजबूत समर्थन देगी।