भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की कारतूस, जहर जैसी बयानबाजी को उनके बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा बताया है।

देहरादून

 

भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की कारतूस, जहर जैसी बयानबाजी को उनके बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा बताया है। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा के विधायक और प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाले शब्दावलियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कहा, कोई किसी को फ्यूज्ड कारतूस बताता है, कोई कारतूस के खोखों से भी काम लेने का दावा करता है, कोई कार्यकर्ताओं से जहर निकलने और कोई राजनीतिक ब्लैकमेलरों से बचने की बात कहता है। फिलहाल ये सब कांग्रेस में नए सिरे से शुरू हुई वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। जब समय से पहले आवश्यक रूप से जिम्मेदारियां तय कर दी जाती हैं तो यही होता है। क्योंकि विधानसभा चुनाव में अभी बहुत समय है, और चुनाव संचालन और प्रचार समिति प्रमुखों की घोषणा कर दी गई। हालांकि यह सब अध्यक्ष पद को लेकर गुटबाजी को रोकने के लिए किया गया, लेकिन बिना काम के खाली बैठे ये पदाधिकारी अब एक दूसरे को ही ठिकाने लगाने में लग गए हैं। हरक सिंह रावत, कांग्रेस पर कब्जा करना चाहते हैं और यह हरीश रावत को किनारे किए बिना संभव नहीं है। ऐसे में चुनाव सही से लड़ना और जनता का विश्वास जीतना उनके लिए लगभग असंभव लक्ष्य है।