उत्तराखंड की सियासत में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को लेकर बयानबाज़ी तेज़ बनी हुई है।

देहरादून

 

 

उत्तराखंड की सियासत में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को लेकर बयानबाज़ी तेज़ बनी हुई है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह विभिन्न राज्यों में कांग्रेस की “लहर” बताई गई, वही लहर अब पार्टी को समाप्ति की ओर ले जा रही है और संगठन “लुप्तप्राय” स्थिति में पहुंच चुका है।ज्योति प्रसाद गैरोला ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में सत्ता से बाहर होने के लिए खुद को तैयार रखे, क्योंकि पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं। हरीश रावत, प्रीतम सिंह और यशपाल आर्य जैसे दिग्गजों के अलग-अलग रुख को राज्यमंत्री ने गुटबाज़ी का स्पष्ट प्रमाण बताया।उन्होंने यह भी कहा कि टिहरी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में जिलाध्यक्षों को लेकर जारी विरोध, साथ ही कई विधायकों की दिल्ली में चल रही असहमति, कांग्रेस संगठन में गहरे मतभेदों को उजागर करती है। हरीश रावत को दरकिनार किए जाने तक का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी नकारात्मकता के बीच कांग्रेस का टिक पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है।