मसूरी रोड पर सुधार की कवायद

देहरादून:राजधानी देहरादून को पर्यटन नगरी मसूरी से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने फिर से सुधार की पहल शुरू कर दी है। विभागीय सचिव पंकज पांडे ने हाल ही में क्षतिग्रस्त हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिव मंदिर के पास बने अस्थायी वैली ब्रिज की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अक्टूबर माह के अंत तक सभी मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि यात्रियों और स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

सचिव ने बताया कि स्थायी पुल का निर्माण पूरा होने के बाद मौजूदा वैली ब्रिज को हटा दिया जाएगा। वहीं, किमाड़ी क्षेत्र से मसूरी-देहरादून को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग को लेकर भी विभाग ठोस और सकारात्मक कदम उठा रहा है।

 

पंकज पांडे ने कहा कि इस रूट पर यात्रियों का भारी दबाव रहता है, और वैली ब्रिज छोटा होने के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि विभाग जल्द से जल्द नए पुल का निर्माण कार्य पूरा कर यात्रियों को राहत देने का प्रयास कर रहा है।