देहरादून
भाजपा विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि दशहरे के अवसर पर थराली विधानसभा के सैन्य बाहुल्य क्षेत्र सवाल गांव में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विधायक ने कहा कि यह मांग वर्षों से लंबित थी, जिसके लिए भूमि चयन सहित तमाम औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी थीं। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान क्षेत्र में आए लोकप्रिय सांसद अनिल बलूनी ने इस दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया था, जिसके परिणामस्वरूप अब केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। विधायक टम्टा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अनिल बलूनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के होनहार बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ेगा और सुदूरवर्ती इलाकों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।