देहरादून
प्रदेश के विकास का खाका तैयार करने और जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही पूरे प्रदेश का सघन भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री दूरस्थ और सीमांत गांवों में 24 घंटे से अधिक समय बिताएंगे और वहीं रात्रि प्रवास भी करेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं जैसे सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी शिकायतों को सुनेंगे और उनके त्वरित निस्तारण के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देंगे। इसके साथ ही, सशक्त उत्तराखंड 2025 के विजन को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास में स्थानीय लोगों के सुझावों को भी शामिल किया जाएगा ताकि योजनाएं धरातल की वास्तविकताओं के अनुरूप बन सकें।