राज्य में भर्ती परीक्षाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा छात्र हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं।

देहरादून

 

राज्य में भर्ती परीक्षाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा छात्र हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। सरकार ने पिछले चार वर्षों में पच्चीस हज़ार से अधिक नियुक्तियां पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक परीक्षा को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर सरकार ने जांच कमेटी और एसआईटी गठित की थी। हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश यू.सी. ध्यानी की देखरेख में जांच पूरी हुई और रिपोर्ट आने के बाद छात्रों के हित में परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परीक्षा जल्द ही दोबारा कराई जाएगी और प्रक्रिया की पूरी मॉनिटरिंग कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि छात्रों की मांग पर मामले को सीबीआई जांच के लिए भी अग्रसर किया गया है। सीएम धामी ने युवाओं से कहा कि वे आगामी परीक्षाओं की तैयारी पूरे मनोयोग और लगन से करें। सरकार हमेशा उनकी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता के साथ न्याय करेगी तथा प्रत्येक भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न किया जाएगा।