देहरादून
यमुनोत्री से निर्दलीय विधायक संजय डोभाल ने चारधाम यात्रा को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब इन आरोपों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया सामने आई है। विधायक संजय डोभाल ने कहा था कि मानसून के दौरान चारधाम यात्रा पूरी तरह चरमराई हुई है। कारोबारियों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है और इसके पीछे सरकार की सुनियोजित साज़िश भी है। उन्होंने यमुनोत्री मास्टर प्लान और रोपवे कार्य की धीमी गति पर भी सवाल उठाए थे। वही विधायक के आरोपों पर सीएम धामी की प्रतिक्रिया सामने आई है, सीएम धामी का कहना है कि हम एक बड़ी आपदा से जूझ रहे हैं। और इस दौरान आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। जो मार्ग अवरुद्ध है उन्हें खोलने का कार्य चल रहा है। गंगोत्री मार्ग पूरी तरह खोल दिया गया है। चारधाम यात्रा का दूसरा चरण सुचारू रूप से चल रहा है। यमुनोत्री मार्ग पर भी कार्य जारी है और हमारा प्रयास है कि वहां यात्रा का संचालन शीघ्र शुरू किया जाए।