पांच दिन बाद घोषित नतीजे, भाजपा को अध्यक्ष, कांग्रेस को उपाध्यक्ष पद

नैनीताल। पांच दिन की देरी के बाद नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल ने अध्यक्ष पद पर मात्र एक वोट से जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस की देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष चुनी गईं।

14 अगस्त को मतदान के बाद मतगणना तो हो गई थी, लेकिन परिणाम सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रखे गए थे। कुल 22 वोटों में भाजपा को 11, कांग्रेस को 10 और एक वोट अमान्य मिला।

चुनाव के दौरान पांच सदस्य लापता हो गए थे, जिस पर कांग्रेस और भाजपा ने एक-दूसरे पर अपहरण के आरोप लगाए थे। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचने से विवाद और गहराया। परिणाम घोषित होने से पहले कलेक्ट्रेट परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था रही और ड्रोन से निगरानी की गई।